लखनऊ , 06 मई , समकालीन भारतीय कला परिदृश्य में छापाकला (प्रिंटमेकिंग) एक सशक्त और विचारोत्तेजक माध्यम के रूप में निरंतर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। इसी क्रम में शहर की प्रतिष्ठित कोकोरो आर्ट गैलरी द्वारा प्रख्यात छापाकलाकार मनोहर लाल भूगरा के छापाचित्रों की एक विशेष रेट्रोस्पेक्टिव प्रदर्शनी “छापा – Imprint of a Lifetime” का आज 06 मई से आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी की क्यूरेटर वंदना सहगल हैं।
यह प्रदर्शनी कलाकार की दशकों लंबी सृजन-यात्रा का समग्र प्रस्तुतिकरण है, जिसमें उनकी कलात्मक साधना, तकनीकी दक्षता और वैचारिक परिपक्वता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्रदर्शनी में भूगरा जी के विभिन्न कालखंडों में सृजित छापाचित्रों का चयन प्रस्तुत किया जाएगा, जो न केवल उनकी शैलीगत विकास-यात्रा को रेखांकित करते हैं, बल्कि समय, स्मृति और समाज के साथ उनके गहरे संवाद को भी उद्घाटित करते हैं।
मनोहर लाल भूगरा की कृतियाँ सूक्ष्म संरचना, अनुशासित रेखांकन और भावात्मक गहराई के लिए जानी जाती हैं। उनके छापाचित्रों में पारंपरिक तकनीकों और समकालीन संवेदनाओं का संतुलित समावेश देखने को मिलता है, जो दर्शकों को एक गहन दृश्य-अनुभव प्रदान करता है। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम दर्शकों के लिए छापाकला की विविध तकनीकों तथा उसके सौंदर्यबोध को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगी।
प्रदर्शनी विवरण:-
शीर्षक: छापा – Imprint of a Lifetime
कलाकार: मनोहर लाल भूगरा
क्यूरेटर: वंदना सहगल
मुख्य अतिथि: जय कृष्ण अग्रवाल
स्थान: कोकोरो आर्ट गैलरी, जोपलिंग रोड, मदन मोहन मालवीय मार्ग, लखनऊ
उद्घाटन तिथि: बुधवार, 6 मई 2026 से प्रारंभ
समय: सायं 5:30 बजे से सायं 7:00 बजे तक
