लखनऊ , 26 फरवरी ,लखनऊ विश्वविद्यालय ( University of Lucknow ) के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय, University of Lucknow (नवीन परिसर) राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई। स्वयंसेवकों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने हेतु सूर्य नमस्कार, चक्रासन, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन तथा त्रिकोणासन सहित अन्य योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान प्रत्येक आसन की सही विधि एवं उससे होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि ताड़ासन से शरीर में संतुलन आता है, भुजंगासन से रीढ़ की हड्डी सशक्त होती है, वज्रासन पाचन क्रिया को सुधारता है तथा प्राणायाम से मानसिक शांति एवं एकाग्रता प्राप्त होती है।

कार्यक्रम अधिकारी
Unit-1: डॉ. दीपक गुप्ता तथा
Unit-2: डॉ. खुशबू वर्मा
ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की कला है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक एकता गीत गाया, जिससे आपसी भाईचारे, अनुशासन एवं समर्पण की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई। तत्पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से जलपान किया। चौथे दिवस का कार्यक्रम ऊर्जा, सकारात्मकता और एकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

