लखनऊ | संविधान दिवस के पावन अवसर राजनीति विज्ञान विभाग, खुन खुन जी गर्ल्स पी○जी○ कॉलेज ( Khun Khun Ji Girls PG College ) के तत्वावधान में एक विशेष ऑनलाइन व्याख्यान का आयोजन किया गया|
इस व्याख्यान का मुख्य विषय “अधिकार के साथ कर्तव्य: डिजिटल युग में संवैधानिक मूल्यों के संबंध में जागरूकता एवं संरक्षण” रहा, जिसमें करामात हुसैन मुस्लिम गर्ल्स पीजी कॉलेज में राजनीति विज्ञान की सहायक आचार्य डॉ0 ऋतु तिवारी विशेष आमंत्रित वक्ता रहीं। उन्होंने अपने व्याख्यान में छात्राओं को बताया कि भारतीय संविधान हमें न केवल मौलिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ निजता के अधिकार, डेटा सुरक्षा और ऑनलाइन नैतिकता का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं का आह्वान किया कि वे डिजिटल मंचों का उपयोग करते समय संवैधानिक मर्यादाओं, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र की एकता को सर्वोपरि रखें।
व्याख्यान के दौरान उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि संवैधानिक मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता—का संरक्षण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने छात्राओं को ‘ संविधान को जानो, मानो, निभाओ और बचाओ’ का मंत्र दिया| कार्यक्रम का संचालन और संयोजन राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ0 सत्यम तिवारी द्वारा किया गया| उन्होंने विभाग द्वारा छात्राओं में संवैधानिक जागरुकता फैलाने के लिए शुरू की गई व्याख्यान-माला के विषय में भी सभी श्रोताओं को जानकारी दी|
प्राचार्या प्रो0 अंशु केडिया ने विशेष वक्ता डॉ0 ऋतु तिवारी का औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया। संविधान दिवस के अवसर पर सहायक आचार्य डॉ.अंजना ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के आदेशानुसार सभी श्रोताओं से संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया। यह कार्यक्रम प्राचार्या अंशु केडिया के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ एवं इसमें महाविद्यालय के समस्त शिक्षिकाओं का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ|
