लखनऊ. खुन-खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज ( Khun Khun Ji Girls P.G. College ) में आज 24 अगस्त को सांस्कृतिक क्लब ‘कलायनम्’ के तत्वावधान में ‘सावन उत्सव–2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष उत्सव की थीम “सावन के रंग–परंपरा के संग” रही।

इस अवसर पर छात्राओं को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, हरियाली एवं सावन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन ड्रेस प्रतियोगिता, सावन स्पेशल मेहंदी प्रतियोगिता, लोकनृत्य प्रस्तुति, लोकगीत प्रस्तुति, सावन थीम पोस्टर प्रतियोगिता एवं सावन सेल्फी कॉर्नर प्रमुख आकर्षण रहे। छात्राओं ने पारंपरिक हरे परिधानों में सजकर सावन की मनोहारी छटा बिखेरी। लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय लोक-संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

मेहंदी एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परिसर में पारंपरिक झूले, हरियाली एवं सावन की सजावट ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मिस सावन क्वीन का खिताब दीपिका,बी एड द्वितीय वर्ष को मिला।मेहंदी प्रतियोगिता में अंजलि मौर्या,एम ए द्वितीय वर्ष को प्रथम स्थान , आरिफ़ा,बी ए द्वितीय वर्ष को द्वितीय स्थान तथा कोमल, बी कॉम द्वितीय वर्ष को तृतीय स्थान मिला।

पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियंका, बी ए तृतीय वर्ष को प्रथम स्थान , महक गुप्ता,बी ए द्वितीय वर्ष को द्वितीय स्थान तथा सोनम गुप्ता,बी ए द्वितीय वर्ष को तृतीय स्थान मिला। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. शगुन रोहतगी द्वारा सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जुड़े पर्वों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्राचार्या प्रो. अंशु केडिया ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय में आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भारतीय परंपराओं और संस्कृति को आधुनिक संदर्भों के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिका डॉ. शगुन रोहतगी एवम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो.अंशु केडिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का समापन सावन की परंपराओं, संस्कृति और उल्लास को संजोए रखने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं सभी शिक्षिकाओं एवम शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक क्लब ‘कलायनम्’ की समन्वयक डॉ विजेता दीक्षित एवं आयोजन समिति के सदस्यों डा पारुल सिंह, डा. शालिनी शुक्ला, डा अपर्णा टंडन एवं डा. प्रीति सिंधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
