लखनऊ, 6 अप्रैल , माँ गोमती के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से संचालित गोमती दर्शन यात्रा का 05 अप्रेल की शाम लखनऊ स्थित कुड़िया घाट पर भव्य समापन हुआ। यह यात्रा माँ गोमती के उद्गम स्थल माधव टांडा (जनपद पीलीभीत) से प्रारंभ होकर शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी एवं सीतापुर होते हुए लखनऊ के चंद्रिका देवी मंदिर पहुँची और अंततः कुड़िया घाट पर आकर सम्पन्न हुई।

यात्रा के प्रथम चरण का नेतृत्व गोमती दर्शन के संयोजक एडवोकेट अनुराग पांडेय द्वारा किया गया, जबकि मार्गदर्शन संस्था की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता सिंह द्वारा प्रदान किया गया। समापन समारोह का शुभारंभ माँ गोमती के विधिवत पूजन एवं हवन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में एडवोकेट अनुराग पांडेय एवं श्वेता सिंह उपस्थित रहे। इसके उपरांत आरजे प्रतीक द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीरेंद्र जायसवाल (क्षेत्र कार्यवाह, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वनाथ खेमका (जल सेवक) एवं ललित कपूर ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता श्री अशोक पांडेय ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। संस्था के संरक्षक अखिलेश मिश्रा ने यात्रा की सफलता पर सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार नदियाँ भी मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि माँ गोमती जैसी प्राचीन और पावन नदी का संरक्षण जनमानस और सरकार दोनों की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने नदियों के किनारे प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी से अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि विश्वनाथ खेमका ने विश्वास व्यक्त किया कि माँ गोमती शीघ्र ही स्वच्छ एवं अविरल धारा के रूप में पुनः स्थापित होंगी। ललित कपूर ने कहा कि यह यात्रा अब जनजागरण का सशक्त माध्यम बन चुकी है। मुख्य वक्ता श्री अशोक पांडेय ने कहा कि माँ गोमती रुहेलखंड, मध्यांचल एवं पूर्वांचल की जीवनरेखा है, अतः इसका संरक्षण प्रदेशवासियों के अस्तित्व से जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर एडवोकेट अनुराग पांडेय ने यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जबकि संस्था की अध्यक्ष श्वेता सिंह ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट अनुराग तिवारी ने की तथा संचालन श्री सुधीर पांडेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अवधेश तिवारी, पंकज शुक्ला, संजय तिवारी, अमिताभ पांडेय, ललित मिश्रा, अरविंद पांडेय, विमलेश पांडेय, यादवेंद्र पांडेय, कृष्णा शुक्ला, गोपाल नारायण शुक्ला, कृष्णानंद राय, प्रमोद शुक्ला, प्रभाकर शुक्ला ‘सार्थी’, बृजभूषण मार्कंडेय, गगन जी, सरला शर्मा ‘अस्मा’, रुचि मिश्रा, नेहा वर्मा, सोनी सिंह, संजीव श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं का दायित्व प्रमुख रूप से रितेश द्विवेदी द्वारा निभाया गया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
