
- एक साल में ही प्रोफेसर कीर्ति पांडेय ने कुर्सी छोड़ी
लखनऊ / प्रयागराज , 26 सितम्बर , उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की अध्यक्ष प्रोफेसर कीर्ति पांडेय ( Dr. Kirti Pandey) का त्यागपत्र राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है . आज 26 सितम्बर को उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरीश त्यागी की ओर से इस आशय का आदेश जारी किया गया है .
इस आदेश में कहा गया है कि आयोग की अध्यक्ष कीर्ति पांडेय ( Dr. Kirti Pandey) ने 22 सितंबर 2025 को त्यागपत्र दे दिया था . इस त्यागपत्र को राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है. विशेष सचिव उत्तर प्रदेश सरकार, गिरिजेश कुमार त्यागी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 की धारा 4 के तहत अध्यक्ष के पद पर प्रोफेसर कीर्ति पांडेय पुत्री बंशीधर द्विवेदी पक्की बाग, अखाड़ा कंपाउंड दुर्गाबाड़ी चौक, गोरखपुर को एक सितंबर 2024 को अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया था. प्रोफेसर कीर्ति पांडेय ने 22 सितंबर 2025 को व्यक्तिगत कारणों से अध्यक्ष के पद का दायित्व निभाने में असमर्थता जाहिर की और इस्तीफा दे दिया. लिहाजा आयोग के सीनियर सदस्य राम सूचित को अध्यक्ष के रूप में दिन प्रतिदिन के कार्यों के लिए अधिकृत कर दिया गया है. इसकी सूचना मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश सरकार आदि को भी दे दी गई है.
उल्लेखनीय गोरखपुर की प्रोफेसर कीर्ति पांडे ( Dr. Kirti Pandey) को पिछले साल 1 सितंबर को इस आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था. इस आयोग को शिक्षकों की नियुक्ति का जिम्मा दिया गया है . हाल ही में आयोग ने परीक्षा भी आयोजित की है और आयोग तेजी से नियुक्तियां के संबंध में कार्य कर रहा है लेकिन अचानक अध्यक्ष का त्यागपत्र हो गया है . प्रोफेसर पांडे ने त्यागपत्र देने की वजह अपने व्यक्तिगत कारण बताए हैं .
