देहरादून. राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने दून विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम के अवसर पर 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बने बायोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17 करोड़ 39 लाख रुपये के केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि दून विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय अब से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के सफल संचालन के लिए दो पद सृजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, विश्वविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण, नई सोच विकसित करने और जीवन की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा, युवा शक्ति को परिभाषित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। जिस देश का युवा सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और कठिन परिश्रम करने की क्षमता रखता है, उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहलें युवाओं को नए अवसर दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर निरंतर कार्य कर रही है। दून विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा विभागों को सुदृढ़ किया जाएगा, जिनमें स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषाएं शामिल हैं। इन विभागों के लिए पदों का सृजन भी किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप एआई और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाएं भी प्रदेश में चल रही हैं। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो.गोविंद सिंह, अपर सचिव मनमोहन मैनाली आदि मौजूद रहे।
