लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी एवं महानवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने माँ भगवती से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नवरात्रि में माँ दुर्गा की आराधना मातृशक्ति के प्रति सनातन परम्परा के सम्मान और आस्था का प्रतीक है। महाष्टमी और महानवमी के अवसर पर भक्तगण विधि-विधान से कन्या पूजन कर मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं। यह परम्परा भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान और उसकी गरिमा को विशेष स्थान दिए जाने की सशक्त अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें शक्ति की उपासना के साथ सेवा, साधना, संयम और लोककल्याण की भावना को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। महाष्टमी एवं महानवमी के पावन अवसर पर माँ भगवती की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो तथा प्रदेश निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो, यही मंगलकामना है।
