
बीजापुर. जिला अंत्यावसायी-सहकारी विकास समिति बीजापुर द्वारा बैंक प्रवर्तित अंत्योदय स्वरोजगार योजना तथा स्ट्रीट वेंडर योजनांतर्गत स्वरोजगार स्थापना के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के ईच्छुक आवेदकों से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के माध्यम से आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। बैंक प्रवर्तित अंत्योदय स्वरोजगार योजनान्तर्गत विभिन्न व्यवसाय हेतु बैंकों से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा, जिसमें 10 हजार रूपये का अनुदान सम्मिलित है।
इसी तरह अनुसूचित जाति स्ट्रीट वेंडर योजनान्तर्गत ठेले, खोमचे, फेरी वाले, पान ठेला, सायकल मरम्मत, दर्जी सहित सड़क किनारे छोटे-छोटे व्यवसाय चलाने वाले लोगों को 20 हजार रूपये का ऋण-प्रदान किया जायेगा। जिसमें 10 हजार रूपये अनुदान शामिल है। उक्त दोनों योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के ईच्छुक आवेदक स्थायी जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति, सरपंच या पार्षद से प्रदत निवास प्रमाण पत्र तथा पटवारी से जारी आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, अंकसूची की छायाप्रति के साथ आवेदन पत्र मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। वहीं आवेदक की वार्षिक आय शहरी क्षेत्र की दशा में 51 हजार 500 रूपये तथा ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति में 40 हजार 500 रूपये से अधिक नहीं होना चाहिए। उक्त दोनों योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी जनपद पंचायत तथा नगरीय निकाय कार्यालयों में संपर्क कर प्राप्त किया जा सकता है।
