
कांकेर. खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय विकासखण्ड चारामा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 आशीष गुप्ता द्वारा विकासखण्ड चारामा के माध्यमिक शाला भिलाई से सेवानिवृत्त प्रधान पाठक शशिप्रभा दुबे से जीपीएफ की राशि निकालने एवं पेंशन प्रकरण तैयार करने के एवज में 28 हजार रूपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसे सेवानिवृत्त प्रधान पाठक के पुत्र विनय दुबे द्वारा सीधे संबंधित के खाते में 28 हजार रूपये ऑनलाईन भुगतान किया गया, जिसकी पुष्टि हो चुकी है।
पेंशन प्रकरण तैयार किये जाने में विलंब के संबंध में संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, उनके द्वारा प्रस्तुत कारण बताओ नोटिस का जवाब समाधान कारक नही पाया गया, जिसके कारण कलेक्टर चन्दन कुमार ने सहायक ग्रेड-02 आशीष गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है तथा निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय खण्ड शिक्षा कार्यालय अंतागढ़ नियत किया गया है, निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
कार्रवाई सही, जेल भेजा जाय
इस पूरे प्रकरण में छत्तीसगढ़ प्रधान पाठक कल्याण संघ ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। संघ के प्रांताध्यक्ष सीके महिलांगे ने इस कार्यवाही को सही ठहराया है । उन्होंने कहा कि ऐसे घूसखोर बाबू को जेल में डाल देना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रांताध्यक्ष इस तरह के अनैतिक कार्यों के खिलाफ हमेशा मुखर रहते हैं और इस प्रकरण में भी उन्होंने शासन से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
