
रायपुर. बस्तर के ग्रामीण अंचल के माड़पाल शासकीय स्कूल के बच्चे अपने स्कूल की प्रयोगशाला में थ्रीडी प्रिंटर का उपयोग कर रहे हैं, ड्रोन का मॉडल तैयार कर रहे हैं, रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला में फिटकरी बनाने जैसे कई प्रयोग कर दक्षता के साथ कर रहे हैं। साथ ही स्मार्ट क्लास में अत्याधुनिक तरीके से ज्ञानार्जन भी कर रहे हैं।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़पाल की पहचान आज बस्तर जिले के सर्व सुविधायुक्त उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने दो दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान आज विकासखंड जगदलपुर के ग्राम माड़पाल के इस स्कूल को देखने पहुंचे। उन्होंने इस दौरान इस स्कूल में 68 लाख रूपए की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार कार्य तथा 31 लाख रूपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।
बच्चों से बातचीत की
मुख्यमंत्री ने इस स्कूल के भ्रमण के दौरान वहां किए जा रहे नवाचारों, अध्ययन-अध्यापन की उत्कृष्ट सुविधाओं की जहां प्रशंसा की, वहीं स्कूल की विभिन्न कक्षाओं और प्रयोगशाला तथा लायब्रेरी में जा कर बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई लिखाई के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कक्षा दसवीं पहुंचकर बच्चों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति हमारी पहचान होती है। हमारी संस्कृति हमारे रीति-रिवाज, बोलचाल, भाषा, रहन-सहन, कला, परंपरा, विश्वास, आस्था, जीवन मूल्य, स्थापत्य कला की सम्मिलित अवधारणा है। हम अपनी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और बस्तर की अपनी सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कक्षा दसवीं की छात्रा गायत्री सिंह ने मुख्यमंत्री के कहने पर छत्तीसगढ़ परिवेश-कला, संस्कृति एवं व्यक्तित्व शीर्षक का पाठ अपनी पुस्तक में से पढ़ कर सुनाया।

ड्रोन का मॉडल तैयार कर रहे हैं
मुख्यमंत्री बघेल ने स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब, भौतिक, विज्ञान और रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला, लाइब्रेरी और स्कूल की स्मार्ट क्लास में जाकर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बच्चों से उनके बारे में पूछा। बच्चों ने पूरा आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री के प्रश्नों का जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को इसके लिए शाबासी दी। इस अवसर पर स्कूल के परिसर में गणित-विज्ञान विषय पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री ने इस प्रदर्शनी में जाकर बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल देखें और बच्चों से उनके बारे में विस्तार से जानकारी ली।
गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल रही
वर्तमान में माड़पाल के इस उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में पूर्व माध्यमिक शाला एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल संचालित है। जिसमें पूर्व माध्यमिक शाला में 123 एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल में 439 सहित कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक कक्षाओं में कुल 562 बच्चे अध्ययनरत हैं। छात्रा सावित्री मांझी ने मुख्यमंत्री बघेल को स्कूल में सभी प्रकार की आधुनिक शिक्षा सुविधा देने के लिए आभार व्यक्त किया।

ये रहे उपस्थित
स्कूल के अवलोकन के दौरान उद्योग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, लोकसभा सांसद दीपक बैज, राज्यसभा सांसद फुलोदेवी नेताम, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, विधायक कोंडागांव मोहन मरकाम, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, विधायक चित्रकोट राजमन बेंजाम, सरपंच वंदना नाग सहित कलेक्टर रजत बंसल तथा वरिष्ट पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा भी उपस्थित थे।
