
रायपुर/बिलासपुर. आखिरकार लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने शैक्षिक 2021-22 के लिए शासकीय शालाओं, अनुदान प्राप्त शालाओं,गैरअनुदान प्राप्त शालाओं व डीएडए बीएड-एमएड महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए दशहरा अवकाश सहित दीपावली, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश का आदेश जारी कर दिया गया है। यह आदेश 12 अक्टूबर को ही जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार दशहरा पर्व के लिए चार दिनों का अवकाश 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक होगा। इसी प्रकार दीपावली अवकाश कुल पांच दिन 2 नवंबर से 6 नवंबर तक होगा। इसके साथ ही शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर 21 से 28 दिसंबर 21 तक कुल 5 दिन होगा जबकि सबसे अधिक 46 दिन का अवकाश ग्रीष्मकालीन होगा। जो एक मई 2022 से 15 जून 2022 तक होगा।
वाट्सएप पर वायरल होने के बाद शिक्षकों ने राहत की सांस ली है,क्योंकि वे पिछले कई दिनों से बच्चों के एक ही सवाल से परेशान थे और सवाल था कि गुरु जी दशहरा अवकाश कब होगा ? यह आदेश 12 अक्टूबर को जारी होने के कारण दूरस्थ शालाओं में देर शाम तक पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि दशहरा अवकाश जारी करने में हुई इस देरी से शिक्षक और बच्चों में नाराजगी है। वे इसे प्रशासनिक शिथिलता का नाम दे रहे हैं कि आखिर दशहरा के अवकाश होने की जानकारी तो शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों को रहती है तो फिर अंतिम समय का इंतजार क्यों किया जा रहा था। पहले से अवकाश न होने के कारण धार्मिक कार्यक्रमों व स्थलों में वे जाने कार्यक्रम नहीं बना पाए।
इसके पहले तो हालत यह रही कि शासकीय शालाओं में बच्चे गुरु जी एक सवाल पूछ रहे थे कि गुरु जी दशहरा की छुट्टी कब से होगी ? बच्चों के गांव-मोहल्लों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित है तो कहीं जगराता हो रहा है और कहीं तो भंडारा,-जसगीत के कार्यक्रम हो रहे हैं,इसलिए वे छुट्टी में इन सभी कार्यक्रमों का आनंद लेना चाहते हैं लेकिन गुरु जी को अभी तक यह पता नहीं हो पाया है कि आखिर दशहरा की छुट्टी कब से है ?
