मीडिया अब केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, जनमत निर्माण और सामाजिक परिवर्तन का प्रभावशाली साधन बन चुका है।
लखनऊ, 20 फरवरी, लखनऊ के मशहूर आई टी कॉलेज ( Isabella Thoburn College Lucknow ) में फ्राइडे असेंबली के दौरान “Career in Media” विषय पर विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर अवसरों, चुनौतियों एवं संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेंद्र कुमार शुक्ला (Gyanendra Kumar Shukla ) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जो PTC न्यूज एडिटर हैं और P7 न्यूज़ के ब्यूरो चीफ (उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड) भी रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ परमपिता परमेश्वर की प्रार्थना से हुआ। कॉलेज ( Isabella Thoburn College Lucknow ) की छात्राओं उषाशी पांडे एवं रोशनी ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत करते हुए स्वागत भाषण दिया, जबकि कॉलेज की प्राचार्या डॉ. (मेजर) नीरजा मसीह ने उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में श्री शुक्ला ने शब्दों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए 1990 के दशक और वर्तमान समय में युवा पीढ़ी की सोच के अंतर को रेखांकित किया। उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव तथा मीडिया के व्यापक स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं को पत्रकारिता एवं संचार जगत की बदलती आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए उन्होंने निरंतर सीखते रहने और मीडिया क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि मीडिया में एआई आधारित परिवर्तन तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विकसित स्वरूप ने इसकी भूमिका को और व्यापक बनाया है। मीडिया अब केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, जनमत निर्माण और सामाजिक परिवर्तन का प्रभावशाली साधन बन चुका है। उन्होंने सफलता के लिए सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, सामाजिक संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और निरंतर अध्ययन को आवश्यक बताया। साथ ही सोशल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, डेटा जर्नलिज्म एवं मल्टीमीडिया संचार जैसे नए अवसरों का उल्लेख करते हुए छात्राओं को समयानुकूल स्वयं को अद्यतन रखने की सलाह दी। उन्होंने जिज्ञासा, विश्लेषणात्मक दृष्टि एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मीडिया करियर का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पत्रकारिता में प्रवेश, रोजगार के अवसर, मीडिया की विश्वसनीयता, नैतिक चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर छात्राओं ने मीडिया में करियर विषय पर आधारित एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की तथा अपने विचार साझा किए।
गणित विभाग के प्रोफेसर अखिलेश त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मीडिया में सत्य के महत्व पर बल दिया और श्री शुक्ला की निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की सराहना की। कार्यक्रम का समापन कॉलेज ( Isabella Thoburn College Lucknow ) की छात्राओं की हाल की उपलब्धियों की प्राचार्या द्वारा सराहना एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध हुआ।
