- प्रतिभागियों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां, प्रमाण पत्र वितरित
लखनऊ, 01 जुलाई , बीएसएनवी पीजी कॉलेज ( BSNV PG College ) में स्थापित अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा कल्चरल क्लब द्वारा भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय लखनऊ के सौजन्य से 15 जून से 30 जून तक आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कत्थक एवं गायन प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हुआ। समापन समारोह में कत्थक के प्रतिभागियों ने पलटे, तिहाई, हस्त संचालन, तोड़े, टुकड़े की प्रस्तुति दी और रुद्राष्टकम के माध्यम से भगवान शिव की स्तुति की। गायन के विद्यार्थियों ने अलंकार, राग यमन में बंदिश व भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की प्रभारी प्रो. ज्योति काला ने मुख्य अतिथि बीएसएनवी पीजी कॉलेज की अध्यक्षा डॉ. प्रीति बाजपेई को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. बाजपेई ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी को प्रमाण पत्र वितरित किए। सह प्रभारी प्रो. डी.के. गुप्ता ने कत्थक प्रशिक्षिका पूजा गुप्ता और गायन प्रशिक्षक अनुराग तिवारी के विशेष योगदान की सराहना की।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय मिश्रा ने अतिथियों का आभार जताते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर प्रो. डी.के. श्रीवास्तव, डॉ. राजीव श्रीवास्तव, डॉ. उपासना श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
