
बिलासपुर. हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कक्षाओं में गणित विज्ञान विषय में प्रोत्साहन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 21 निकल चुकी है। बड़ी संख्या में इसके लिए आवेदन स्कूलों में जमा किए गए हैं लेकिन पालकों का कहना है कि कोरोना काल के मद्देनजर जब उक्त कक्षाओं के छात्र उच्च अंकों के साथ पास हुए हैं तो शिक्षा विभाग को समय अनुकूल मापदंडों को अपडेट करना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं किया है, तो अब 70 परसेंट वाले छात्र भी यह राशि मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। शासन के इस आदेश से मेधावी छात्र और उनके पालक निराश हैं।
पालकों के अनुसार 16 सितंबर २१ को इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर द्वारा सभी स्कूलों को आदेश जारी किया गया. जिसमें विज्ञान गणित में प्रोत्साहन के लिए 10वीं और 11वीं में 70त्न और उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं के नाम बैंक डिटेल्स सहित संबंधित जानकारी उनके कार्यालय में 30 सितंबर तक भेजने की बात कही गई.
इस क्राइटेरिया में पिछले साल ऑनलाइन परीक्षा देने वाले लगभग सभी छात्र-छात्राएं आ रहे हैं जिनको असाइनमेंट के आधार पर जनरल प्रमोशन किया गया था. असाइनमेंट आधारित इस परीक्षा में बच्चे 90 या उससे अधिक अंक प्राप्त कर अगली कक्षा के लिए प्रमोट किए गए थे। इस आदेश से संबंधित प्रोत्साहन राशि के लिए अयोग्य छात्र-छात्राएं भी योग्य माने जाएंगे जिससे इस व्यवस्था की गरिमा कम हो रही है। ऐसा पालकों का मानना है. वही मेधावी छात्रों की राय है कि इसके लिए शासन को प्रदेश स्तर पर योग्यता परीक्षा आयोजित करनी चाहिए। हालांकि संभावना यह भी है कि सरकार सभी पात्र विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दे,क्योंकि आदेश में छात्र संख्या का उल्लेख नहीं किया गया है।
पालक संस्कार श्रीवास्तव, प्रतीक वर्मा, उमा शंकर सोनी, रघुनाथ सिंह राठौर, भरत श्रीवास, रोहित ढ़ोबले, नीलू शरण उमेश मिश्रा आदि ने प्रोत्साहन राशि हेतु योग्यता प्रवेश परीक्षा कराने की मांग की है। यह बात सही है कि कट ऑफ लिस्ट बनाने के बाद 70 परसेंट वाले इस राशि के लिए अयोग्य हो जाएंगे. पर इन बच्चों ने तमाम कागजातों की फोटो कॉपी और स्कूल में संबंधित जानकारी जमा करने के लिए जो परेशानी उठाई है वह उल्लेखनीय है अधिकारियों को समय के हिसाब से अपने ऐसे आदेशों को अपडेट करते रहना चाहिए . जिससे आम आदमी परेशान ना हो।
