बिलासपुर , 21 जुलाई , बिलासपुर में सेवानिवृत्त शिक्षक एलबी संवर्ग के शिक्षकों के लोकल ऑडिट और पेंशन प्रकरणों (निपटारे) में हो रहे अनावश्यक विलम्ब को लेकर सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन बिलासपुर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है.
सेवानिवृत्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों के लंबित पेंशन एवं लोकल ऑडिट प्रकरणों के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, बिलासपुर ने कलेक्टर को सौंपा . ज्ञापन में बताया गया कि अनेक शिक्षक सेवानिवृत्ति के लंबे समय बाद भी अपनी वैधानिक पेंशन एवं सेवानिवृत्ति संबंधी लाभों से वंचित हैं। पेंशन, ग्रेच्युटी तथा अन्य देयकों का समय पर भुगतान न होने से सेवानिवृत्त शिक्षक एवं उनके परिवार आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जबकि यह उनका संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकार है।

फेडरेशन ने मांग की कि लोकल फंड ऑडिट कार्यालय, जिला कोषालय, लेखा एवं पेंशन कार्यालय में लंबित सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सेवा पुस्तिकाओं के सत्यापन एवं गणना पत्रकों की जांच के नाम पर अनावश्यक विलंब, बार-बार आपत्तियां लगाकर फाइलों को लंबित रखना तथा स्पष्ट कारण बताए बिना प्रकरणों को रोकना पूरी तरह अनुचित है। इससे सेवानिवृत्त शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
फेडरेशन ने यह भी मांग की कि सभी लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए, प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति पारदर्शी रूप से संबंधित शिक्षक को उपलब्ध कराई जाए तथा बिना उचित कारण फाइलों को लंबित रखने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित करते हैं। सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें अपने वैधानिक अधिकारों के लिए वर्षों तक भटकना पड़े, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक स्थिति है। प्रशासन को इस विषय में संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं न्यायसंगत निराकरण करना चाहिए।
फेडरेशन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि लंबित पेंशन एवं ऑडिट प्रकरणों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और संबंधित कार्यालयों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो संगठन सेवानिवृत्त शिक्षकों के हित में लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रांतीय सलाहकार रंजीत बनर्जी, जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय, डी.एल. पटेल, विकास कायरवार, दीप ज्योति राठौर, संजय यादव, अनिमेष दीक्षित, विवेक तिवारी, अजीत कुजूर, आशुतोष राजपूत, विनोद राव मराठा, बसंत दुबे, रूपम सिंह, संतोष बंजारे, नरेश साहू सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे। यह जानकारी अवधेश विमल जिला मीडिया प्रभारी, बिलासपुर ने दी है .
