पटना . बिहार में शिक्षकों के लिए ट्रांसफर पोस्टिंग ( Bihar Teacher Transfer) को लेकर शिक्षा विभाग ने 4 अक्टूबर से सामान्य ट्रांसफर के लिए पोर्टल नहीं खोलने का फैसला किया है. इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन मांगा है. ऐसे में सरकारी शिक्षकों के लिए ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है.
इसकी वजह यह है कि विधान परिषद चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता के बीच अब आयोग से मिले निर्देश के बाद ट्रांसफर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. विभाग का कहना है कि निर्वाचन विभाग से मार्गदर्शन मिलने के बाद ही पोर्टल खोला जाएगा. चूंकि पटना स्नातक समेत अन्य सीटों पर विधान परिषद चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू है, इसलिए बिना आयोग की अनुमति के कोई भी ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती. ऐसे में स्पष्ट है कि अब आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट होने पर ही सामान्य ट्रांसफर के लिए पोर्टल खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी.
