दुर्ग/भिलाई . शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कुरूद भिलाई में आज 25 अगस्त 2026 को संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय की उच्च वर्ग शिक्षिका श्रीमती शशिकला पाण्डेय(संस्कृत शिक्षिका) के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, ग्राम के प्रतिष्ठित नागरिक, शासकीय पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदन से किया गया। इसके पश्चात मंगलाचरण, स्वस्तिवाचन एवं प्रेरणा गीत का आयोजन हुआ, जिसका संचालन श्रीमती शशिकला पाण्डेय द्वारा किया गया।
संस्कृत सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा संस्कृत भाषा एवं संस्कृति से संबंधित विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें संस्कृत नुक्कड़ नाटक, संस्कृत वार्ता प्रतियोगिता, संवाद प्रस्तुति, श्लोक वाचन तथा संस्कृत साहित्य के महान रचनाकारों एवं महापुरुषों के चित्रांकन प्रतियोगिता प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्कृत भाषा के प्रति अपनी रुचि एवं लगाव का परिचय दिया।
उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि जागृत करना तथा भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा से जोड़ना रहा। इस प्रकार संस्कृत सप्ताह का उद्घाटन समारोह उत्साह, अनुशासन एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
