लखनऊ, 30 जुलाई , बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में आज होप इनीशिएटिव संस्था के सहयोग से “संचारी रोग : बचाव, नियंत्रण एवं प्रभावी उपाय” विषय पर एक जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में संचारी रोगों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र द्वारा होप इनीशिएटिव संस्था की सीनियर मैनेजर एवं डाइटिशियन आयुषी शुक्ला तथा सीनियर मैनेजर बिंदु त्रिपाठी के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं उत्तरा सिंह एवं रागिनी यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ।

अपने प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान में आयुषी शुक्ला और बिंदु त्रिपाठी ने छात्राओं को संचारी रोगों के विभिन्न प्रकार, उनके फैलने के कारण, लक्षण, समय पर उपचार तथा प्रभावी रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ परिवेश तथा समय पर टीकाकरण जैसे सरल उपाय अपनाकर अनेक संक्रामक रोगों से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को यह भी प्रेरित किया कि वे स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता तथा जन-जागरूकता से संबंधित प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 9 की वैष्णवी शर्मा ने प्रथम, इल्मा खान ने द्वितीय तथा कक्षा 8 की अर्चना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में तन्वी यादव का निबंध सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा 9 की आयशा शर्मा प्रथम तथा कक्षा 6 की दिव्यांशी देवी द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को होप इनीशिएटिव संस्था की ओर से मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय की ओर से सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पेन वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। विद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों के विकास का भी माध्यम है। उन्होंने होप इनीशिएटिव संस्था का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएँ पूनम यादव एवं माधवी सिंह सहित समस्त छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन छात्राओं द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता और जन-जागरूकता के संदेश को समाज तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।
