- नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने निकाली पदयात्रा
लखनऊ | लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत आज विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने “नशा हटाओ, देश बचाओ”, “नशा छोड़ो, देश जोड़ो” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने नशे की लत के कारणों, दुष्परिणामों तथा इसकी रोकथाम के उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से नशामुक्त भारत की आवश्यकता और महत्व को रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी विभाग (ASH) के समन्वयक डॉ. सव्यसाची एवं इंजी. निधि श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता (इकाई-1) एवं डॉ. खुशबू वर्मा (इकाई-2) के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार युवा शक्ति के माध्यम से नशामुक्त एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करना था।
