लखनऊ। संविधान प्रवर्तन की ऐतिहासिक तिथि 26 नवंबर के अवसर पर आज जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली (लखनऊ) में ‘संविधान दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा द्वारा भारतीय संविधान की ‘उद्देशिका’ (प्रस्तावना) के सामूहिक पाठ के साथ हुआ, जिसे सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दोहराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री वर्मा ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इसमें निहित अनगिनत विशेषताएं और लोकतांत्रिक मूल्य आज विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान व्यायाम शिक्षक श्री रामकिशोर ने संविधान निर्माताओं को नमन किया तथा संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए छात्रों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के मध्य एक ज्ञानवर्धक ‘क्विज प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: कक्षा 12 ‘A’
द्वितीय स्थान: कक्षा 11 ‘अ’
तृतीय स्थान (संयुक्त रूप से): कक्षा 12 ‘C’ एवं कक्षा 10 ‘C’
कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
