Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लखनऊ। मुमताज पीजी कॉलेज, लखनऊ के विज्ञान विभाग में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्रों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. उमा पांडेय की देखरेख में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर नसीम अहमद खान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने, अनुशासन अपनाने और व्यक्तित्व निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण है। छात्रों को नियमित रूप से अध्ययन करना चाहिए, सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए और निरंतर परिश्रम के माध्यम से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि छात्र शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और देश के निर्माण व विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।
कॉलेज के प्रॉक्टर प्रोफेसर मोहम्मद सलमान खान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कॉलेज के विभिन्न विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों और करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की योजना पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. उमा पांडेय ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ शिक्षा प्राप्त करने की सलाह दी। बीएससी प्रथम वर्ष के छात्रों ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
फ्रेशर्स पार्टी के दौरान मिस्टर फ्रेशर साइंस के लिए मोहम्मद रोमान और मिस फ्रेशर साइंस के लिए अनुष्का वर्मा का चयन किया गया। इस चयन से छात्रों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। रनर-अप के रूप में मोहम्मद अफसान और वैष्णवी अवस्थी का चयन किया गया।
वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. शाहीन जमाल ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शैक्षणिक क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के कला, विज्ञान और वाणिज्य विभागों के शिक्षकों तथा छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों का स्वागत करने के साथ उन्हें कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना, उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करना और उन्हें शैक्षणिक व व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करना था.
