Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पटना | बिहार विधान परिषद ( Bihar Mlc Election ) के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव सरगर्मी तेज है . एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने पर तीन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है . भाजपा ने रमेन्द्र राय और राहुल सिंह को भाजपा ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने राम पुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित किया है।
:
बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव ( Bihar Mlc Election ) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के खिलाफ बगावत करने वालों पर सहयोगी दलों ने बड़ा सियासी प्रहार किया है। अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले तीन नेताओं पर गाज गिरी है। भाजपा ने अपने पूर्व प्रदेश संयोजक रमेन्द्र राय और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। साथ ही, एक बार फिर एनडीए के भीतर अनुशासन और बगावत का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।
भाजपा ने दो नेताओं पर गिराई गाज
भाजपा बिहार प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार की ओर से जारी निष्कासन पत्र के अनुसार, सिवान निवासी रमेन्द्र राय एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। रमेन्द्र राय भाजपा के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक रह चुके हैं। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
इसी तरह, भाजपा ने सारण से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की है। 11 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए छह साल के लिए निष्कासित किए जाने की जानकारी दी गई है। पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय चुनाव लड़ने को गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी दिखाई सख्ती
एनडीए के घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा पर कार्रवाई की है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी प्रशांत पंकज की ओर से 12 अक्टूबर को उन्हें छह साल के लिए निलंबित किया गया है। पार्टी के अनुसार, सिन्हा भी सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं।
