- UPMRC में गणेश चतुर्थी पर “गणेश के प्राकृतिक स्वरूप” एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन
लखनऊ उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) द्वारा गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर “The Natural Forms of Ganesha” शीर्षक से छायाकार पुनीत कात्यायन के 20 चयनित छायाचित्रों की विशेष एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन रविवार, 13 सितम्बर 2026 किया जा रहा है। प्रकृति में दिखाई देने वाले भगवान गणेश के प्राकृतिक, अद्भुत एवं स्वाभाविक स्वरूपों पर केंद्रित इस प्रदर्शनी का क्यूरेशन वरिष्ठ कलाकार, कला समीक्षक एवं क्यूरेटर भूपेंद्र कुमार अस्थाना द्वारा किया जा रहा है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार, 13 सितम्बर 2026 को सायं 4:00 बजे हजरतगंज मेट्रो स्टेशन, गेट नंबर–1 (रॉयल कैफे प्रवेश द्वार), लखनऊ में होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) द्वारा किया जाएगा।
“प्रकृति में गणेश” केवल छायाचित्रों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रकृति, आस्था और कला के बीच स्थापित एक संवेदनशील संवाद है। प्रदर्शनी में वृक्षों के तनों की प्राकृतिक बनावट, रेखाओं, उभारों और आकृतियों में दिखाई देने वाले गणेश के विविध स्वरूपों को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत किया गया है। इन छायाचित्रों में किसी आकृति को कृत्रिम रूप से गढ़ा नहीं गया है, बल्कि प्रकृति में पहले से मौजूद रूपों को एक संवेदनशील दृष्टि और कैमरे के माध्यम से पहचानकर सामने लाया गया है।
यह प्रदर्शनी दर्शकों को देखने की एक नई दृष्टि प्रदान करेगी —जहाँ प्रकृति स्वयं कैनवास बनती है और उसके भीतर छिपे गणेश के विभिन्न स्वरूप आस्था तथा सौंदर्यबोध के साथ हमारे सामने प्रकट होते हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित यह कलात्मक पहल प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, भारतीय सांस्कृतिक चेतना और दृश्य कला के सुंदर समन्वय का अनुभव कराती है।
UPMRC ने सभी कला प्रेमियों, छायाचित्र प्रेमियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से प्रदर्शनी में उपस्थित होकर प्रकृति में दिखाई देने वाले गणेश के इन अनूठे स्वरूपों का अवलोकन करने का आग्रह किया है।
