- महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क स्थापित होंगी 25 हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट्स
लखनऊ. पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम, लखनऊ ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girls P.G. College, Rajajipuram, Lucknow ) के भौतिक विज्ञान विभाग एवं इनोवेटिव पावर सॉल्यूशंस, नई दिल्ली के मध्य ऊर्जा संरक्षण, अक्षय ऊर्जा और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक को बढ़ावा देने के लिए 10 वर्षों की अवधि हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ।
समझौते के अंतर्गत इनोवेटिव पावर सॉल्यूशंस द्वारा महाविद्यालय परिसर में हाइब्रिड सिस्टम युक्त 25 सोलर स्ट्रीट लाइट्स पूर्णतः निःशुल्क स्थापित की जाएंगी। इससे परिसर की प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा ऊर्जा बचत और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
एमओयू पर महाविद्यालय ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girls P.G. College, Rajajipuram, Lucknow ) की प्राचार्या प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव तथा इनोवेटिव पावर सॉल्यूशंस के मैनेजिंग पार्टनर श्री अतुल कौशल ने हस्ताक्षर किए। समझौते को संपन्न कराने में प्रो. डॉ. अखिलेश कुमार, भौतिक विज्ञान विभाग प्रभारी एवं IQAC समन्वयक, की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह पहल महाविद्यालय ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girls P.G. College, Rajajipuram, Lucknow ) के ग्रीन कैंपस, ऊर्जा संरक्षण एवं सतत विकास संबंधी प्रयासों को सुदृढ़ करेगी और छात्राओं को अक्षय ऊर्जा तथा पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराएगी। प्राचार्या ने इसे महाविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सौर ऊर्जा जैसी स्वच्छ प्रणालियों का प्रयोग विद्यार्थियों में पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सतत विकास के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का प्रेरक माध्यम है।
भौतिक विज्ञान विभाग के अनुसार, यह एमओयू शैक्षणिक संस्थान और उद्योग के मध्य सहयोग (Academia–Industry Collaboration) को मजबूत करेगा तथा छात्राओं को नवीन ऊर्जा प्रौद्योगिकी के व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराएगा।
