लखनऊ. रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी की कैडेट्स ने हवलदार ओ.पी.यादव, सैन्य स्टाफ, 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन की कलाई पर राखी बांधकर देश की रक्षा में समर्पित सभी वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की I

कैडेट्स ने सभी सैनिक भाइयों के लिए मंगलकामना करते हुए उनके स्वस्थ, सुरक्षित और सुखी जीवन की प्रार्थना की तथा उनके साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन किया। हवलदार ओ.पी.यादव ने भी सभी कैडेट्स को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कैडेट्स की इस भावना की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना युवाओं में राष्ट्रप्रेम को और मजबूत करती है।
एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.)मनमीत कौर सोढ़ी ने कहा कि यह केवल एक सैनिक भाई को राखी बांधने का अवसर नहीं था, बल्कि उस एक राखी के माध्यम से देश की सीमाओं और विभिन्न क्षेत्रों में कर्तव्य निभा रहे सभी सैनिक भाइयों के प्रति अपनी भावनाएं और शुभकामनाएं प्रकट करने का प्रतीकात्मक प्रयास था।इस एक राखी में देश के प्रत्येक सैनिक भाई के लिए हमारा स्नेह, सम्मान और दुआएं समाहित हैं।
इस भावपूर्ण अवसर ने रक्षाबंधन के पारंपरिक भाई-बहन के रिश्ते को राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ दिया। कैडेट्स के लिए यह अवसर विशेष रूप से गौरवपूर्ण रहा। इस अवसर पर डॉ. आभा दुबे एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे I

