बहरौली, नगराम (लखनऊ) . लखनऊ के नगराम क्षेत्र स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज बहरौली ( jawahar lal nehru inter-college bahrauli Raksha bandhan) में 27 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व एक बेहद खास और अनूठे अंदाज में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्राओं ने छात्रों को राखी बांधकर स्नेह और सुरक्षा का संदेश दिया।
रक्षाबंधन का त्योहार आमतौर पर सभी के लिए खुशियां लेकर आता है, लेकिन जिन बहनों के भाई नहीं होते या जिन भाइयों की बहनें नहीं होतीं, वे अक्सर इस अवसर पर निराश महसूस करते हैं। बच्चों के मन में यह भाव जल्दी आ जाता है। इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने एक सराहनीय पहल की। विद्यालय ने सभी कक्षाओं से ऐसे छात्र-छात्राओं को चिह्नित किया और उनके बीच राखी बंधवाने का निर्णय लिया।
कंप्यूटर लैब के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने छात्रों को तिलक लगाकर कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। इस आयोजन में अन्य छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया, वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने सभी छात्राओं को छात्रों की ओर से उपहार स्वरूप चॉकलेट और मिठाई प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक श्रीकांत ने रक्षाबंधन के सांस्कृतिक व सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला और सभी छात्रों को राखी की पवित्र मर्यादा व बहनों की रक्षा करने का वचन दिलाया। इस आत्मीय आयोजन के बाद सभी बच्चों के चेहरों पर एक अलग ही खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक-शिक्षिका वर्ग एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

