लखनऊ,. नवयुग कन्या महाविद्यालय, लखनऊ के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा बी.ए. की सभी छात्राओं के लिए “पंच परिवर्तन” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों, सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार, नागरिक कर्तव्यों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना एवं उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्व-बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने पोस्टरों के माध्यम से भारतीय जीवन-मूल्यों, सामाजिक एकता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम पुरस्कार: स्तुति तिवारी, बी.ए. प्रथम वर्ष
द्वितीय पुरस्कार: निकिता सिंह, बी.ए. द्वितीय वर्ष
तृतीय पुरस्कार: गरिमा तिवारी, बी.ए. तृतीय वर्ष एवं सौम्या सोनी, बी.ए. द्वितीय वर्ष
सांत्वना पुरस्कार: मनप्रिया सिंह, बी.ए. द्वितीय वर्ष
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. ज्योत्स्ना गौतम, राजनीति शास्त्र विभाग एवं श्रीमती नीलम यादव, शिक्षा शास्त्र विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पोस्टरों की विषयवस्तु, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण एवं संदेश के आधार पर मूल्यांकन किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पंच परिवर्तन के मूल भावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
प्रतियोगिता के विजेताओं को अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शर्मिता नंदी एवं डॉ. श्वेता उपाध्याय धर द्वारा छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्थशास्त्र विभाग की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह भी पढ़ें
