लखनऊ . नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ में इको रेस्टोरेशन कमेटी एवं फ्लोरा-फॉना कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय के संरक्षण में 22 अगस्त 2026 को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण वृक्षों पर QR कोड लगाए गए। इन QR कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर संबंधित वृक्ष की प्रजाति, सामान्य नाम, वैज्ञानिक नाम, विशेषताएँ, उपयोगिता एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध वनस्पतियों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव-विविधता के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर परिसर में सरीफा, आम, मेहंदी, बेल, नीम, कचनार , अशोक आदि विभिन्न वृक्षों पर QR कोड लगाए गए। छात्राओं ने इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा QR कोड स्कैन कर वृक्षों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस पहल से छात्राओं को अपने आसपास के पेड़ों की पहचान एवं उनके महत्व को समझने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में समिति की सदस्य शिक्षिकाओं प्रो. सरोज रानी, डॉ. अलका सिंह, सुश्री दीक्षा, डॉ. गगनप्रीत एवं डॉ. दीपशिखा सहित महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के संवर्धन तथा महाविद्यालय परिसर को अधिक हरित एवं जैव-विविधतापूर्ण बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
यह पहल महाविद्यालय के हरित परिसर एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान की दिशा में एक अभिनव एवं उपयोगी कदम है, जो तकनीक के माध्यम से छात्राओं को प्रकृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
