बिलासपुर। तेजस्विनी गर्ल्स हॉस्टल प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय सेविका समिति द्वारा 15 अगस्त 2026 को शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक गुरु पूजन संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुलभा ताई ने की। कार्यक्रम में प्रो. नीलांबरी दवे जी, पूर्व कुलपति, सौराष्ट्र विश्वविद्यालय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में प्रो. नीलांबरी दवे जी ने स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच के अंतर को समझाते हुए कहा कि स्वतंत्रता का सही अर्थ अपने विचारों को व्यक्त करने के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों और मर्यादाओं को समझना है। उन्होंने छात्राओं को अपने विचारों को खुलकर व्यक्त करने के साथ अपनी संस्कृति और परिवेश के महत्व को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और परिवेश को समझना व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए अपने विचारों को स्पष्ट एवं स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गुरु पूजन संस्कार संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेविका समिति से जुड़े सदस्यों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
