बिल्हा, 25 जून। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय हिंदी माध्यम बिल्हा के प्रांगण में आज विकास खण्ड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवशाली कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के इस पावन अवसर पर विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिल्हा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर, स्कूल बैग, निःशुल्क पुस्तकें और गणवेश प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए विकासखंड के उन सभी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिनका चयन पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय के लिए हुआ है। इसके साथ ही, राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कक्षा नौवीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे छात्राओं के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धरम लाल कौशिक ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा कोई भी व्यक्ति अपने आने वाले कल को पूरी तरह बदल सकता है। उन्होंने शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए बच्चों को जीवन में एक दृढ़ संकल्प के साथ खूब मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी और सभी को नए शैक्षणिक सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके साथ ही, उन्होंने विकासखंड स्तर पर बच्चों को निःशुल्क नवोदय व एकलव्य विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाले समर्पित शिक्षकों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को भी सम्मानित कर उनकी सराहना की। विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय परिसर में शेड निर्माण कराने तथा जनपद प्राथमिक शाला में चल रही निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा क्लास के लिए आधुनिक स्मार्ट बोर्ड देने की घोषणा की। साथ ही न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे, जनपद पंचायत बिल्हा के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ठाकुर, नगर पंचायत बिल्हा के उपाध्यक्ष सतीश शर्मा और नगर पंचायत के सभापति मोहन ढोरिया मंच पर आसीन रहे।
इस गौरवमयी आयोजन में नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बीईओ भूपेंद्र कुमार कौशिक, शाला के प्राचार्य चंद्रभान ठाकुर, बीआरसीसी देवी प्रसाद चंद्राकर, सुनीता वर्मा, देवेंद्र शुक्ला, अभिषेक शर्मा, राकेश शुक्ला (सीएसी दगौरी), डॉ. डी.एन. यादव (सीएससी हरदी कला), बर्तीला बड़ा, राजेश यादव, साधराम मरकाम, पुनीराम साहू, मुरारी कौशिक, सूर्यकांत कौशिक, उपेंद्र एलन, रेखा गायकवाड़ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक एवं पालक गण उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का सफल और गरिमापूर्ण संचालन केशव वर्मा (सीएससी) द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और पालकों के प्रति आभार प्रदर्शन कलेश्वर साहू द्वारा व्यक्त किया गया
यह भी पढ़ें
