लखनऊ, 23 मई , डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ( Dr. Shakuntala Misra University, Lucknow ) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। कुलसचिव रोहित सिंह ने बताया कि 20 मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गयी है . अभ्यर्थी 20 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश सीयूईटी और नॉन-सीयूईटी दोनों माध्यमों से निर्धारित पाठ्यक्रमों में होगा।
प्रवेश निदेशक प्रो. अनामिका चौधरी की ओर से जारी सूचना के अनुसार विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एलएलएम, एमएसडब्ल्यू, एमएड, बीएड विशेष शिक्षा, एमटेक सहित अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं एमपीओ और पीजीडीवीटी जैसे कुछ पाठ्यक्रमों में प्रवेश नॉन-सीयूईटी माध्यम से होगा।
प्रवेश निदेशक प्रो. अनामिका चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय में कुल 1077 सीटों पर प्रवेश होगा। सबसे अधिक 132 सीटें एमबीए में उपलब्ध हैं। एमए (अर्थशास्त्र, शिक्षा, अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र), एमएससी (रसायन विज्ञान, आईटी, माइक्रोबायोलॉजी, भौतिकी, सांख्यिकी), एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, एमसीए समेत कई पाठ्यक्रमों में 44-44 सीटें निर्धारित की गई हैं। एलएलएम और एमटेक (AIDS व AIML) में 22-22 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं बीएड विशेष शिक्षा (श्रवण बाधित, बौद्धिक दिव्यांगता और दृष्टिबाधित) में 33-33 सीटें निर्धारित हैं। एमएड विशेष शिक्षा के विभिन्न कार्यक्रमों में 16 से 22 सीटें तथा ललित कला के पाठ्यक्रमों में 8 से 20 सीटें उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें
