लखनऊ , 22 मई , माध्यमिक शिक्षक संघ ( पाण्डेय गुट ) ने माध्यमिक शिक्षक निदेशक को ज्ञापन सौंपा है. इसमें कहा है कि इस वर्ष 2026 में मई तथा जून माह में होने वाले जनगणना कार्य में प्रदेश के सभी जनपदों में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की ग्रीष्मावकाश में ड्यूटी लगाई जा रही है। इसी प्रकार 21 मई से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश के दौरान प्रायः सभी रविवार व अन्य दिनों में आयोजित हो रही अनेक सार्वजनिक परीक्षाओं व उसकी ब्रीफिंग में ड्यूटी के लिए रोका जा रहा है। उपरोक्त परीक्षाओं में ड्यूटी के निमित्त कतिपय जिला विद्यालय निरीक्षकों के द्वारा शिक्षकों को स्टेशन छोड़ने पर रोक लगा दी गई हैं.
ज्ञापन में शिक्षक नेताओं ने आगे लिखा है कि माध्यमिक शिक्षा अधिनियम, 1921 के विनियमों के अध्याय-3 के विनियम 99 के अंतर्गत सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय के अध्यापकों को विभिन्न प्रकार के अवकाश उतनी ही अवधि के लिए तथा उन्हीं प्रतिबंधों के अधीन देय होते हैं, जितनी अवधि के लिए तथा जिन प्रतिबंधों के अधीन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों को उन पर लागू नियमों के अंतर्गत देय होते हैं। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों को, जो वेकेशन विभागीय होते हैं, उपार्जित अवकाश का विनियमन ऐसी दशा में जब उनको शासकीय कार्य के कारण संपूर्ण या आंशिक दीर्घावकाश का उपभोग करने दिया गया हो, वित्तीय नियम संग्रह, खंड-2, भाग 2 से 4 के मूल नियम 81 – ख (1) के द्वितीय प्रतिबंधात्मक खंड के प्रावधानों द्वारा होता है। यह प्रावधान निम्नवत है। “उसे स्वीकृत की जाने योग्य अर्जित छुट्टी की अवधि में से कार्य के प्रत्येक वर्ष के लिए जिसमें वह पूरा दीर्घावकाश ले, 30 दिन घटा दिया जाएं। यदि सरकारी कार्य के कारण उसे किसी वर्ष पूरा दीर्घावकाश न मिल सके जैसा कि सहायक नियम 145 और 146 में उपबंधित है, तो उसे स्वीकृत की जाने योग्य अर्जित छुट्टी में से 30 दिन का वह भाग घटा दिया जाएगा, जो उस अनुपात के बराबर हो जो अनुपात लिए गए दीर्घावकाश के भाग का संपूर्ण दीर्घावकाश से हो।”
उपर्युक्त प्रावधानों के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं, मूल्यांकन, प्रशिक्षण, जनगणना आदि का कार्य ग्रीष्मावकाश में लिए जाने के बदले पूर्व में शिक्षकों को अर्जित अवकाश दिए जाने के आदेश समय-समय पर निर्गत किए गए हैं।( राजाज्ञा संख्या /1527/15-7-1 84 दिनांक 24 फरवरी 1986 एवं शिक्षा निदेशक माध्यमिक के विभागीय पत्र पत्रांक – सा.(02) डी.ई./82-221/सोलह()/8788 दिनांक अप्रैल 09, 1987 की छायाप्रतियां संलग्न) की गई है .
संगठन के महामंत्री आशीष कुमार सिंह ने बताया माध्यमिक शिक्षा निदेशक से शिक्षक नेताओं ने अनुरोध किया है कि इस वर्ष 2026 में ग्रीष्मावकाश की अवधि में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जिन शिक्षकों व प्रधानाचार्यों से जनगणना तथा सार्वजनिक परीक्षाओं व उसके ब्रीफिंग आदि का कार्य लिया जा रहा है, उनके अवकाश लेखे में नियमानुसार उपार्जित अवकाश जमा करने हेतु निर्देश देने की कृपा करें। ताकि संगठन को विवश हो माननीय न्यायालय की शरण में न जाना पड़े.
