लखनऊ , 20 मई , लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यालय संचालित करने का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक करने के बाद अब विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के कर्मचारियों ने भी कॉलेज का समय विश्वविद्यालय की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक करने की मांग की है.
कर्मचारियों ने सप्ताह में 5 दिन कार्यालय काम करने का आदेश जारी करने की मांग की है . कर्मचारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील पर ऊर्जा संरक्षण बहुत जरूरी है . इसलिए लखनऊ विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों की तरह लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय में भी कार्यालय खुलने का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे किया जाए और शनिवार रविवार को पूरी तरह से बंद रखा जाए ..
लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के कर्मचारियों की मांग को लखनऊ विश्वविद्यालय से जुड़े कर्मचारी भी समर्थन कर रहे हैं. इनका कहना है कि अगर लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यालय खुलने का समय परिवर्तित हो सकता है तो कॉलेज में क्यों नहीं ? लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यालय खुलने और बंद होने का समय घोषित किया जा चुका है और उस पर अमल भी हो रहा है, लेकिन कॉलेज में अभी कोई कार्य योजना दिखाई नहीं देती है . इसलिए डिग्री कॉलेज के कर्मचारियों ने भी अपने-अपने संबंधित प्राचार्यों से मांग की है कि वह लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा दी गई व्यवस्था के अनुसार ही कार्यालय संचालित करें.
