- विद्या भारती के लक्ष्य एवं उद्देश्यों पर हुआ विशेष मार्गदर्शन
बस्ती , 18 मई , सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग, बस्ती में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास हेतु “Efficiency Training Programme” का सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल, कार्यकुशलता एवं समन्वय क्षमता का विकास करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रार्थना एवं प्रेरणादायी सत्रों के साथ हुआ। विभिन्न शिक्षकों को कार्यक्रम के संचालन हेतु अलग-अलग दायित्व सौंपे गए, जिनका सभी ने निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संकल्पना सत्र में नेहा जी द्वारा “विद्या भारती का परिचय, लक्ष्य एवं उद्देश्य” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने विद्या भारती की शिक्षण परंपरा, संस्कारयुक्त शिक्षा प्रणाली तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इसके अतिरिक्त शारीरिक समता, खेल एवं प्रार्थना सत्र का संचालन पूनम सिंह दीदी जी द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षकों को शारीरिक सुदृढ़ता, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का महत्व बताया गया।
विषयवार बैठकों में आगामी सत्र की शैक्षणिक योजनाओं, समन्वय तथा अध्यापन पद्धति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अकादमिक मूल्यांकन एवं परीक्षा कार्य से संबंधित सत्र दीपिका जी द्वारा संचालित किया गया, जिसमें कॉपी जाँच, पुनरावृत्ति कक्षाएँ तथा परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अंत में सभी शिक्षकों से समयपालन एवं सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।
