दुर्ग/ बिलासपुर , 18 मई , दुर्ग में आयोजित एफ एल एन , नवाजतन वारियर्स सम्मान का आयोजन हुआ था , जहां विभिन्न जिलों के शिक्षकों का सम्मान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और नवाचार जब एक साथ मिलते हैं, तो वह न केवल विद्यार्थियों का भविष्य संवारते हैं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। अत्यंत हर्ष का विषय है कि जनपद प्राथमिक शाला, बिल्हा की प्रधान पाठक श्रीमती निशा अवस्थी के उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों को अब राज्य स्तर पर सराहा गया है।
श्रीमती अवस्थी द्वारा FLN और नवाजतन कार्यक्रम पर आधारित उनके अनुभवजन्य लेख को राज्य स्तरीय पत्रिका में विशेष स्थान प्राप्त हुआ है। उनका यह लेख केवल शब्दों का संग्रह नहीं है, बल्कि धरातल पर किए गए उन प्रयोगों का निचोड़ है, जिन्होंने प्राथमिक स्तर के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को सुगम बनाया है।

लेख में उन्होंने विस्तार से बताया है कि कैसे खेल-खेल में सीखने की पद्धति और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। नवाजतन के अंतर्गत किए गए उनके विशेष शैक्षणिक प्रयासों ने न केवल स्कूल के वातावरण को आनंदमयी बनाया, बल्कि बच्चों में स्व-अध्ययन की प्रवृत्ति को भी जागृत किया।
उनकी इस उपलब्धि ने बिल्हा ब्लॉक और पूरे जिले का मान बढ़ाया है। राज्य स्तरीय पत्रिका में उनके लेख के प्रकाशन से प्रदेश भर के शिक्षकों को FLN और नवाजतन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नए विचार और दिशा मिलेगी। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दूरगामी सोच और शिक्षा के प्रति उनके अटूट लगाव का प्रतिफल है।
शिक्षा जगत की और से श्रीमती निशा अवस्थी जी को इस गौरवमयी उपलब्धि हेतु हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर शैक्षणिक विकास के लिए ढेरों शुभकामनाएँ प्रेषित की जा रहीं हैं .
