लखनऊ , 18 मई , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ऊर्जा संरक्षण के लिए की जा रही अपील के मद्देनजर लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यालय का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित कर दिया है. अब लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार – रविवार अवकाश रहेगा लेकिन सुबह 9:00 बजे से कार्यालय खुलने के आदेश से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है . इसकी वजह यह है कि लखनऊ के ही प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU Lucknow ) ने कार्यालय खुलने का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया है . ऐसे में लखनऊ विश्वविद्यालय के भी कर्मचारी सुबह 9:00 के बजाय 9:30 से कार्यालय खोलने की मांग कर रहे हैं.
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार लखनऊ विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय/ कक्षाएं सुबह 9:00 से संचालित होंगी और शाम 6:00 तक चलेंगे . सप्ताह में 5 दिन कार्य दिवस होगा . इस आदेश पर शुक्रवार से अमल भी शुरू हो गया है लेकिन लखनऊ विश्वविद्यालय के कर्मचारी इस आदेश से आहत है . उनका कहना है कि लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन को चाहिए कि सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 तक ही कार्यालय संचालित करें .
सुबह 9:00 से आफिस खोलने का कोई उचित नहीं है क्योंकि राज्य सचिवालय में भी सुबह 9:00 से कार्यालय नहीं खुलते हैं जबकि वहां भी पांच दिवसीय कार्य दिवस है . इतना ही नहीं लखनऊ के ही डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय में भी समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है . ऐसे में विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का सवाल है कि सुबह 9:00 से कार्यालय खोलने क्या उचित है . यह सिर्फ कर्मचारियों को परेशान करने के लिए ही किया जा रहा है .
उधर लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राकेश यादव और महामंत्री संजय शुक्ला ने भी लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति को इस बाबत पत्र लिखा है . इस पत्र में दोनों कर्मचारी नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कार्यालय के खुलने और बंद होने के समय को लेकर आग्रह किया है. इस पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय कार्यालय सुबह 9:00 के बजाय 9:30 से शुरू किया जाए और शाम 6:00 बजे तक संचालित किया जाए. ऐसा करने से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह बना रहेगा और वह निश्चित कार्य को आसानी से पूरा कर सकेंगे.कर्मचारी परिषद के नेताओं ने कुलपति से आग्रह किया है कि वह कार्यालय खुलने का समय सुबह 9:30 बजे से सुनिश्चित करने का आदेश जारी करें.
बहरहाल अब लखनऊ विश्वविद्यालय में कर्मचारियों में कार्यालय समय को लेकर नाराजगी देखी जा रही है . विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का कहना है लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद द्वारा दिए गए ज्ञापन को विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए और मांग पत्र के अनुसार ही कार्यालय खुलने का समय सुबह 9:30 बजे तय करना चाहिए . हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की मांग के बाबत अभी किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं आई है फिर भी कर्मचारियों को उम्मीद है कि लखनऊ विश्वविद्यालय कार्यालय खुलने का समय को सुबह 9:00 बजे की बजाय 9:30 से करेगा.
