- डीडीयू ने बांट दिया पांच दिन बाद होने वाला पर्चा, परीक्षा निरस्त
गोरखपुर, 07 मई , दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ( DDU Gorakhpur University ) में बुधवार 06 मई को बीए एलएलबी 10वें सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान 11 मई को होने वाली परीक्षा का पर्चा बांट दिया . मामले की जानकारी होने के बाद पेपर वापस ले लिया गया और बुधवार (6 मई ) की परीक्षा निरस्त कर दी गई। साथ ही 11 मई को होने वाली परीक्षा का पेपर अब नए सिरे से तैयार करने के निर्देश विधि संकाय को दिए गए हैं।
साथ ही विवि प्रशासन ( DDU Gorakhpur University ) ने मामले की जाँच कराने का फैसला लिया है। पांच वर्षीय बीए एलएलबी की पढ़ाई विवि के साथ छह और कॉलेजों में होती है। परीक्षा के लिए डीडीयू के अलावा सेंट एंड्रयूज कॉलेज और नेशनल पीजी कॉलेज, बड़हलगंज को केंद्र बनाया गया है।
बुधवार को दोपहर दो से पांच बजे की पाली में 10वें सेमेस्टर के पेपर इंटरनेशनल रिफ्यूजी लॉ (कोड-बीएएल 760) की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर प्रश्नपत्र लॉ ऑफ इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशंस (कोड- बीएएल 762) बांट दिया गया। छात्रों ने पन्ना पलटा तो अंदर भी बीएएल-762 से संबंधित सवाल पूछे गए थे। जबकि, कोड बीएएल-762 की परीक्षा 11 मई को तय है। छात्रों ने इसकी सूचना जैसे ही दी, वैसे ही कक्ष निरीक्षकों ने पेपर वापस ले लिया। इसके बाद इसकी सूचना अन्य केंद्रों को दी गई।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ( DDU Gorakhpur University ) की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है। बुधवार को होने वाली परीक्षा निरस्त कर दी गई है। साथ ही 11 मई को होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र नए सिरे से तैयार किए जाएंगे। मामले की जांच के आधार पर आगे फैसला लिया जाएगा।
