देहरादून , 09 अप्रेल , उत्तराखंड में पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हो गई है। यहां ऋषिकेश में यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन उतारने का ट्रायल किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। इसे राज्य में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेवा से प्रदेश में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बन जाएगी।
सी-प्लेन सेवा शुरू होने से उत्तराखंड के ऐसे दुर्गम और दूरस्थ पर्यटन स्थलों तक पर्यटक आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां सड़क या पारंपरिक हवाई सेवाएं कठिन हैं। इससे न केवल पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
