लखनऊ, लखनऊ विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का पंचम दिवस 27 फरवरी 2026 को फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। यह शिवि अधिष्ठाता प्रो. एस. पी. सिंह के संरक्षण में संचालित हो रहा है।
पंचम दिवस का मुख्य आकर्षण स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने दहेज प्रथा, बाल विवाह, डिजिटल अपराध, नशा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों जैसे संवेदनशील विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से समाज में व्याप्त इन समस्याओं के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता एवं इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खुशबू वर्मा ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक माध्यमों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

स्वयंसेवकों ने अपने प्रभावशाली संवाद, सशक्त अभिनय एवं प्रेरणादायक संदेशों से उपस्थित दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि सामाजिक परिवर्तन युवा शक्ति के माध्यम से संभव है।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने एकता का प्रतीक स्वरूप सामूहिक गीत प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण में भाईचारा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना प्रबल हुई। तत्पश्चात सभी ने सामूहिक जलपान किया। इस प्रकार सात दिवसीय विशेष शिविर का पंचम दिवस सामाजिक जागरूकता, एकता एवं सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
