गोरखपुर , 26 फरवरी , वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय कंपियरगंज गोरखपुर ( Veer Bahadur Singh Government Degree College ) राष्ट्रसेवा का अंग है खेल : प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा में दो दिवसीय 20वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का उद्घाटन संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने समारोह का शुभारंभ सरस्वती देवी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन कर किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि खेलों से सर्वांगीण विकास तो होता ही है, राष्ट्रसेवा में भागीदारी भी होती है। कुशल खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार अर्जित करके अपने जीवन को स्वर्णिम बनाते हैं। इससे देश की कीर्ति में भी अभिवृद्धि भी होती है। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित करते हुए आशीर्वचन प्रदान किये।

शिवांगनी सहानी ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वन्दना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो० जयप्रकाश वर्मा ने माल्यार्पण और प्रो० मनीष कन्नौजिया ने बैज लगाकर प्राचार्य का अभिनंदन किया। क्रीड़ा प्रभारी और शारीरिक शिक्षा के असिस्टेंट प्रोफेसर विकास कुमार सोनकर ने प्राचार्य को स्मृति चिह्न अर्पित किया।

क्रीड़ा समारोह में पिछले वर्ष की चैंपियन छात्रा प्रीति भारती ने मशाल के साथ मार्चपास्ट करते हुए खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक आरंभ किया। इस अवसर पर पिछले वर्ष के चैंपियन छात्र अमित यादव ने खेल प्रतिभागियों को शपथ दिलाकर खेल भावना से प्रतिस्पर्धा करने को प्रेरित किया। दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह में आज आयोजित चक्र प्रक्षेपण में छात्रा वर्ग में अन्नू सहानी प्रथम, सिमरन यादव द्वितीय और प्रीति भारती तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में अमित यादव प्रथम, उपेन्द्र यादव द्वितीय और रवि विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहे।

गोला क्षेपण में छात्रा वर्ग में प्रीति भारती प्रथम, अन्नू सहानी द्वितीय और सिमरन यादव तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में अमित यादव प्रथम, रवि विश्वकर्मा द्वितीय और अजय सहानी तृतीय स्थान पर रहे। भाला प्रक्षेपण में छात्र वर्ग में उपेन्द्र यादव प्रथम, रोहित यादव द्वितीय और सूरज तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद में छात्रा वर्ग में प्रीति भारती प्रथम, सिमरन यादव द्वितीय और नेहा यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कल वार्षिक क्रीड़ा समारोह के समापन समारोह में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर प्रो० उदयभान मुख्य अतिथि के रूप में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे।

