

- सेंट्रल डाइनिंग सिस्टम की कमान श्री मलिक के नेतृत्व में 125 सदस्यीय अनुभवी टीम संभाल रही है, जो फरीदाबाद से जम्बूरी के लिए विशेष रूप से आई है। यह टीम पिछले एक सप्ताह से भोजन, पानी, स्वच्छता और पूरी भोजन आपूर्ति श्रृंखला का संचालन कर रही है।
लखनऊ, 28 नवम्बर , भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा आयोजित 19वीं नेशनल जम्बूरी ( 19th National Jamboree 2025 Lucknow) देश-विदेश के स्काउट-गाइड समुदाय के लिए अब तक का सबसे बड़ा आयोजन साबित हो रही है। इस वर्ष आयोजित जम्बूरी में लगभग 35,000 प्रतिभागी शिविर में शामिल होकर स्काउटिंग की भावना—सेवा, अनुशासन, साहस, एकता और कौशल—का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। जम्बूरी में भारत की सबसे बड़ी टेंट सिटी स्थापित की गई है, जहाँ देश-विदेश से आए स्काउट, गाइड, रोवर्स, रेंजर्स, अधिकारी और सहयोगी कर्मचारी कई दिनों तक एक साथ रहकर विविध गतिविधियों में सम्मिलित हो रहे हैं।
19th National Jamboree 2025 Lucknow: जम्बूरी में भोजन व्यवस्था को सबसे अधिक महत्व दिया गया है। स्काउट-गाइड एवं सभी प्रतिभागियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क भोजन व्यवस्था उत्तर प्रदेश सरकार के सक्रिय सहयोग से सुनिश्चित की गई है। विभिन्न राज्यों से आए पारंपरिक भोजन विशेषज्ञों, अनुभवी रसोइयों और कारीगरों की टीमों ने अपने-अपने राज्य के स्वाद और परंपरा के अनुरूप भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी संभाली हुई है। तेलंगाना, केरल, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के किचन प्रतिदिन सैकड़ों बच्चों को उनका परिचित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि वे अपने घर के स्वाद को याद न करें और स्वस्थ रहें।

सेंट्रल डाइनिंग सिस्टम की कमान श्री मलिक के नेतृत्व में 125 सदस्यीय अनुभवी टीम संभाल रही है, जो फरीदाबाद से जम्बूरी के लिए विशेष रूप से आई है। यह टीम पिछले एक सप्ताह से भोजन, पानी, स्वच्छता और पूरी भोजन आपूर्ति श्रृंखला का संचालन कर रही है। भोजन वितरण के लिए तीन सुव्यवस्थित डाइनिंग हॉल बनाए गए हैं, हॉल A उच्च प्रशासनिक अधिकारियों एवं विशेष अतिथियों हेतु, हॉल B विदेश से आए स्काउट-गाइड एवं अधिकारियों हेतु एवं हॉल C सहयोगी अधिकारी, रोवर्स-रेंजर्स एवं सेवा कार्यकर्ता हेतु ।
19th National Jamboree 2025 Lucknow : इन डाइनिंग हॉल में प्रतिदिन लगभग 3000 लोगों को एक साथ भोजन परोसा जा सकता है। प्रतिदिन भोजन के लिए निम्न समय निर्धारित हैं, प्रातःकाल : 7:00 – 9:00 बजे, दोपहर : 12:00 – 3:00 बजे एवं रात्रि : 7:00 – 9:00 बजे । हर समय सैकड़ों स्वयंसेवक, रसोइये और सेवा दल प्रतिभागियों को भोजन परोसने में लगे रहते हैं। श्री मलिक ने बताया कि यदि कोई स्काउट-गाइड किसी कारणवश निर्धारित समय पर भोजन न कर पाए, तो उसके लिए किचन में आपातकालीन (इमरजेंसी) डाइनिंग टेबल की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा स्काउट-गाइड की मूल भावना सेवा एवं दूसरों की सहायता का वास्तविक स्वरूप प्रदर्शित करती है। इस इमरजेंसी टेबल पर रात्रि में किसी भी समय भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
प्रतिदिन हजारों लोगों को भोजन परोसने के साथ-साथ स्वच्छता बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए श्री मलिक की टीम में 20 सदस्यीय विशेष सफाई दल नियुक्त किया गया है, जो भोजन स्थलों, किचन, पानी की आपूर्ति प्रणाली और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार सफाई सुनिश्चित करता है। सभी डाइनिंग हॉल नियमित रूप से सैनिटाइज़ किए जाते हैं। सभी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग प्रतिदिन भोजन सामग्री और कच्चे माल के नमूने एकत्र कर उनकी जाँच कर रहा है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर परिस्थिति में बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाला, शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो। असम से आए 156 प्रतिनिधियों के लिए विशेष रूप से आसामी पारंपरिक भोजन तैयार किया जा रहा है। इनके लिए कच्चा माल स्थानीय पदमपुरी वेंड आउटलेट से प्रतिदिन उपलब्ध कराया जा रहा है। दक्षिण भारत, मध्यभारत और पूर्वोत्तर के दलों के लिए भी उनकी स्थानीय खाद्य आदतों के अनुसार व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे भोजन न केवल स्वादिष्ट बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी संतुलित हो।
भारत स्काउट-गाइड जम्बूरी ( 19th National Jamboree 2025 Lucknow) के लंबे इतिहास में पहली बार सभी प्रतिभागियों को भोजन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। यह इस आयोजन की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और भविष्य के आयोजनों के लिए एक उच्च मानक स्थापित करती है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे के प्रतिनिधि श्री उदय लाल शर्मा ने कहा कि जम्बूरी में भोजन निर्माण और वितरण के लिए 24 घंटे बिजली, पानी, सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण की उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने इस व्यवस्था को “उत्कृष्ट संगठन और योजना का श्रेष्ठ उदाहरण” बताया। 19वीं नेशनल जम्बूरी ( 19th National Jamboree 2025 Lucknow) में भोजन व्यवस्था न केवल एक लॉजिस्टिक उपलब्धि है, बल्कि यह स्काउट और गाइड आंदोलन की उस भावना का सशक्त प्रमाण है जिसके केंद्र में हर व्यक्ति की सेवा, सुविधा और सुरक्षा प्रमुख है। यह आयोजन बच्चों में जीवन कौशल, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर प्रदान कर रहा है।
