
देवास॰ MP के Higher Education Minister डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को देवास जिले में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय कन्नौद, शासकीय स्नातक महाविद्यालय हाटपीपल्या एवं कृष्णाजीराव पंवार स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवास के प्रस्तावित नवीन भवनों का भूमिपूजन किया। इस दौरान विधायक खातेगांव आशीष शर्मा, विधायक हाटपीपल्या मनोज चौधरी, विधायक देवास गायत्री राजे पंवार, राजीव खंडेलवाल, राजेश यादव, पोपेन्द्रसिंह बग्गा, पूर्व विधायक बृजमोहन धूत, अंसार एहमद हाथीवाले, मनीष सोलंकी, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा आरसी जाटव, प्राचार्य केपी कॉलेज एसएल वरे सहित महाविद्यालयों के प्रोफेसरगण तथा विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
इस दौरान कार्यक्रमों को सम्बोधित करते हुए उच्च्शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रेदश के लिए यह गौरव की बात है कि सत्र 2021-22 से प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू कर दी गई है। मध्यप्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने वाला देश का अग्रणी राज्य है।
उच्च् शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नवीन शिक्षा नीति में यह भी प्रावधान है कि कोई भी छात्र किसी कोर्स को बीच में छोड़कर किसी अन्य कोर्स में दाखिला लेना चाहता है तो वह एक निश्चित समय के पश्चात दूसरे कार्स में दाखिला ले सकता है। नवीन शिक्षा नीति में महाविद्यालयों में पढ़ाई के लिए उम्र का बंधन समाप्त कर दिया गया है। कोई भी विद्यार्थी डिग्री एवं डिप्लोमा साथ-साथ कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत स्नातक स्तर पर विषयों के चयन में एक मुख्य विषय, एक गौण विषय, एक वैकल्पिक विषय तथा एक व्यवसायिक पाठ्यक्रम (कौशल संवर्धन पाठ्यक्रम), अनिवार्य विषय के रूप में आधार पाठ्यक्रम (योग्यता संवर्धन पाठ्यक्रम), इंटरनशिप/ परियोजना कार्य होंगे।
उच्च्शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाविद्यालयों में प्रोफेसरों के रिक्त पदों के पूर्ति लोक सेवा आयोग से की जायेगी तथा अन्य पदों की पूर्ति भी शीघ्र की जायेगी। जिन महाविद्यालयों का स्वयं का भवन नहीं है वहां भवन निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी।
कन्नौद में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से कन्नौद महाविद्यालय में रिक्त पदों के पूर्ति करवाने तथा खातेगांव विकासखण्ड के हरणगांव में महाविद्यालय खुलवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि हरणगांव एवं उसके आसपास के गांवों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए खातेगांव, कन्नौद या हरदा जाना पड़ता है। हरणगांव में महाविद्यालय खुलने से बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
हाटपीपल्या में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि नवीन शिक्षा नीति के माध्यम से हम युवाओं को कौशल सम्पन्न बनाएंगे, जिससे उन्हें स्वत: रोजगार मिले। नवीन शिक्षा नीति विद्यार्थियों को आजीविका अर्जन में सक्षम और आत्म-निर्भर बनायेगी।
देवास में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक गायत्री राजे पंवार ने कहा कि महाविद्यालयों में खेल के मैदान, लेब, फर्नीचर सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जायेगी। प्रदेश के महाविद्यालयों को और अधिक बेहतर एवं सुविधायुक्त बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि नवीन शिक्षा नीति विद्यार्थियों का शिक्षा और कौशल संवर्धन के साथ सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी।
देवास में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव को विधायक गायत्रीराजे पंवार ने मां चामुण्डा एवं मां तुलजी भवानी का फोटो भेंट किया तथा चुनरी ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया।
