बिलासपुर | सुनील कुमार पाण्डेय जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने अक़वान तूफान के प्रभाव एवं लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले की समस्त शालाओं में अवकाश घोषित किए जाने हेतु निवेदन। किया है |
उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वर्तमान में अक़वान तूफान के प्रभाव से मौसम में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जिले में लगातार हो रही घनघोर वर्षा, तेज हवाओं तथा प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसी विषम परिस्थितियों में विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, फिसलन, नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने तथा आवागमन में कठिनाई जैसी परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं। इन परिस्थितियों में विद्यार्थियों को विद्यालय बुलाना उनके जीवन एवं सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
इसलिए छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बिलासपुर की ओर से आपसे विनम्र आग्रह एवं मांग की जाती है कि वर्तमान मौसम की गंभीरता एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में तत्काल अवकाश घोषित करने की कृपा करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना से बचा जा सके। विद्यार्थियों का जीवन, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय रहते लिया गया उचित निर्णय हजारों बच्चों को संभावित जोखिम से सुरक्षित रख सकता है। शिक्षक नेता पाण्डेय ने उम्मीद जताई है प्रशासन जनहित एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस संवेदनशील विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।
