लखनऊ | नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ के दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. (मेजर) मनमीत कौर सोढ़ी तथा प्रवक्ता डॉ. क्षमा तिवारी के नेतृत्व में छात्राओं को विपुल खंड, गोमती नगर स्थित भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के शैक्षणिक केंद्र के पुस्तकालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शैक्षणिक केंद्र के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. देवेंद्र जाटव तथा वरिष्ठ सलाहकार डॉ. जयशंकर सिंह ने छात्राओं को केंद्र की अकादमिक गतिविधियों एवं पुस्तकालय की समृद्ध संग्रह-व्यवस्था से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र के पुस्तकालय में दर्शनशास्त्र की उत्कृष्ट पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध है। यहां लगभग 42,000 से अधिक पुस्तकें एवं शोध पत्रिकाएं उपलब्ध हैं।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने विभिन्न पुस्तकों एवं शोध पत्रिकाओं का अध्ययन किया तथा दर्शनशास्त्र के विविध विषयों पर हो रहे शोध कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अनुभव से उन्हें उच्च स्तरीय अकादमिक अध्ययन एवं शोध की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
ये शैक्षणिक भ्रमण आगामी 19 नवंबर को आयोजित होने वाले विश्व दर्शन दिवस के उपलक्ष में कराया गया I विभागाध्यक्ष डॉ. मनमीत कौर सोढ़ी के अनुसार इस दिवस का उद्देश्य दार्शनिक विरासत को साझा करने के लिए विश्व के सभी लोगों को प्रोत्साहित करना तथा बुद्धिजीवियों एवं सभ्य समाज को सामाजिक चुनौतियों से लड़ने के लिए विचार विमर्श को प्रेरित करना है।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के ज्ञानवर्धन एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
