लखनऊ। नगराम क्षेत्र स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली में संस्थान के संस्थापक शिक्षकों में से एक, स्व. बाबूलाल वर्मा निवासी ददुरी के निधन पर एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ जिसके कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया कई दिनों के इलाज के बाद दिनांक 10 सितंबर 2026 को इनका देहावसान हुआ। विद्यालय परिवार ने स्व. वर्मा के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने स्व. बाबूलाल वर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे अत्यंत मृदुभाषी, शांत स्वभाव और समर्पित शिक्षक थे। उन्होंने विज्ञान, कृषि एवं गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों का आवश्यकतानुसार कुशलतापूर्वक अध्यापन कराया और कुछ समय तक प्रधानाचार्य के पद पर भी अपनी सेवाएं दीं।
गौरतलब है कि वर्ष 1954 में जूनियर हाईस्कूल के रूप में स्थापित यह विद्यालय 1969 में हाईस्कूल बना। स्व. वर्मा इसके शुरुआती शिक्षकों में शामिल रहे और लगभग 34 वर्षों की लंबी व निष्ठावान सेवा के बाद वर्ष 2003 में सेवानिवृत्त हुए थे। शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
