लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नवयुग कन्या महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं टीम स्पिरिट को समर्पित यंविविध खेल एवं मनोरंजनात्मक में गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शांभवी गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उपलब्धियों एवं खेल के प्रति उनके समर्पण पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं को राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण येलो एवं पर्पल टीम के मध्य
खो-खो मैच रहा, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम की कप्तान ईशी कनौजिया रहीं। विजेता टीम में ईशी, रजनी, सृष्टि नायक, गुंजन कश्यप, कशिश नागर, अवंतिका, अनुपमा, काव्या एवं महिमा शामिल रहीं। पर्पल टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसकी कप्तान अर्पिता शर्मा थीं। टीम में अर्पिता, तनु शर्मा, वैष्णवी, पल्लवी, पायल, राशि, श्रुति, लक्ष्मी एवं दीक्षा ने प्रतिभाग किया। मैच का संचालन एवं निर्णयन खो-खो प्रशिक्षक श्री अनंजय दास द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षिकाओं के लिए आयोजित मनोरंजक खेल विशेष आकर्षण रहे, जिनमें म्यूजिकल फिटनेस, हुला-हूप रेस, कोन बैलेंसिंग तथा डिस्पोजेबल ग्लास से बिल्डिंग ब्लॉक्स जैसे खेल शामिल थे। छात्राओं के लिए पेंगुइन वॉक, खेल हस्तियों की पहचान, पार्टनर गेम्स, सैक रेस सहित अनेक मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पुरस्कार प्राप्त करते हुए तनावमुक्त एवं आनंदपूर्ण वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम का सुव्यवस्थित आयोजन प्रो. सीमा पांडेय, संयोजिका, खेलकूद समिति के निर्देशन में किया गया। खेलकूद समिति से डॉ. ऐश्वर्या सिंह, सुश्री दीक्षा वर्मा, सुश्री ज्योति वर्मा एवं पूर्व छात्रा महिमा चौधरी ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के समापन पर प्रो. सीमा पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्राओं की विशेष भूमिका रही।
राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन खेल को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आनंदपूर्ण जीवन जीने की संस्कृति के रूप में स्थापित करने का प्रेरक संदेश दे गया।

