बिलासपुर, 07 अगस्त , रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान” के अंतर्गत विकासखंड बिल्हा के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए 3500 राखियां एवं शुभकामना संदेश पत्र समर्पित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वयं राखियां तैयार कर उनमें सैनिकों के प्रति सम्मान, स्नेह, कृतज्ञता और शुभकामनाओं से भरे संदेश लिखे, जो अभियान के माध्यम से सैनिकों तक पहुंचाए जाएंगे।

यह कार्यक्रम राजेश सौंथालिया, सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़, राजेंद्र साहू, जिला मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बिलासपुर तथा डॉ. पूनम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती दीप्ति गुप्ता एवं मुकेश अग्रवाल ने विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से संकलित राखियां एवं संदेश पत्र भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधियों को सौंपे। विकासखंड के स्कूलों से रक्षा सूत्र अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि भारतीय सैनिक देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक पर्व पर विद्यार्थियों द्वारा भेजे गए रक्षा-सूत्र और शुभकामना संदेश उनके प्रति पूरे समाज के सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक हैं। इस प्रकार के अभियान बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं।

इस अवसर पर जारी संदेश में कहा गया, “रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश के वीर सैनिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ। यह रक्षा-सूत्र हमारे विश्वास, सम्मान और आभार का प्रतीक है। आप सदैव सुरक्षित रहें, स्वस्थ रहें तथा माँ भारती की सेवा में सदैव विजयी रहें। सम्पूर्ण देश आपके साथ है।”
विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक ने अभियान में सहभागी सभी विद्यालयों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का यह प्रयास केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनकी भावनात्मक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मूल्यों का विकास करना भी है।
इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती अलका गांगुली, बीआरसी देवी प्रसाद चंद्राकर, सुनील पाण्डेय, वीरेन्द्र अजित कुजूर, राकेश शुक्ला, देवनारायण यादव, राम द्विवेदी, योगेंद्र वर्मा श्री विकास साहू, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) संतोष त्रिपाठी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) देवव्रत मिश्रा, एएलटी (स्काउट) सुश्री कौशल्या साहू (गाइडर-HWB)अकाउंटेंट अशोक क्षत्री,सूर्या केवट ,प्रदीप जयसवाल, सौरभ मजुमदार, धर्मेंद्र राजपूत, रश्मि महेश यादव सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों द्वारा प्रेम और सम्मान के साथ भेजे गए रक्षा-सूत्र एवं शुभकामना संदेश सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुँचकर उनके मनोबल को और सुदृढ़ करेंगे तथा उन्हें यह अनुभूति कराएँगे कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है और उनके त्याग एवं समर्पण का सदैव सम्मान करता है।
