● अमृत महोत्सव एवं कार्यविस्तार पर मंथन
नई दिल्ली/ पुणे , 06 जुलाई , विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पश्चिम क्षेत्र की द्वि दिवसीय साधारण सभा पुणे में आयोजित बैठक के समापन सत्र में संबोधित करते हुए अखिल भारतीय संगठन मंत्री गोविंदचंद्र महंत ने कहा कि भारतीय संस्कार आधारित शिक्षा ही विद्या भारती की विशिष्ट पहचान है। आगामी अमृत महोत्सव वर्ष केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच बनाकर विद्या भारती के कार्य का व्यापक विस्तार करने का संकल्प वर्ष है।
अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री रामजी आरावकर ने आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी प्रांतों से समन्वय एवं योजनाबद्ध कार्य करने का आह्वान किया।
समापन समारोह में पश्चिम क्षेत्र मंत्री अण्णा डांगे, पश्चिम महाराष्ट्र प्रांत संघचालक नाना जाधव सहित विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले विद्या भारती के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा की गई। अमृत महोत्सव वर्ष में विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों, आचार्यों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई। साथ ही संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, कार्यविस्तार, प्रशिक्षण, संपर्क तथा सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार विमर्श हुआ।
इस बैठक में गुजरात, कोंकण, पश्चिम महाराष्ट्र, देवगिरि, विदर्भ तथा गोवा—इन छह प्रांतों के प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रांतवार कार्यों की समीक्षा कर आगामी वर्षभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित की गई। विद्या भारती के शैक्षिक, संस्कारप्रधान एवं समाजोन्मुख कार्यों को अधिक व्यापक बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर विद्या भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री गोविंद चंद्र महंत ने पश्चिम क्षेत्र कार्यकारिणी की घोषणा की।
पश्चिम क्षेत्र कार्यकारिणी
अध्यक्ष : प्रो. नितीन पेठाणी (गुजरात)
उपाध्यक्ष : शेषाद्रि डांगे (धाराशिव), प्रेमराज भाला (चिखली), बाबूभाई अगारा (गुजरात)
मंत्री : संजय तालखेडकर (परभणी)
सह मंत्री : प्रकाश पोतदार (संस्कृति बोध परियोजना, चाळीसगांव)
कोषाध्यक्ष : प्रशांत आठल्ये (गोरेगांव)
पूर्व दायित्वों के साथ क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य : महेश पतंगे (कर्णावती), सदाशिव उपाख्य भाई उपाले (नासिक), शैलेश जोशी (नागपुर)
