पटना , 05 जुलाई , बिहार के प्रारंभिक सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की कक्षा एक से आठवीं तक की प्रथम त्रैमासिक परीक्षा 7 से 13 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक परीक्षा सह मूल्यांकन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह परीक्षाएं सात से 13 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर एक बजे से तीन बजे तक होगी।
कक्षा एक और दो के बच्चों की होगी मौखिक परीक्षा
एससीईआरटी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उनका मूल्यांकन मौखिक परीक्षा के आधार पर होगा। कक्षा एक और दो के बच्चों के वर्ग शिक्षक द्वारा स्कूल में ही मौखिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, कक्षा तीन से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षा ली जाएगी।
निर्देशों के अनुसार इस परीक्षा के लिए विषयवार प्रश्न-पत्र स्कूलों को ई-शिक्षा कोष पोर्टल”” के माध्यम से आनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूलों को इसी पोर्टल से प्रश्न-पत्र डाउनलोड कर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा संपन्न करानी होगी। इसके अलावा कला, शारीरिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान और व्यावसायिक शिक्षा जैसे विषयों का मूल्यांकन स्कूल अपने स्तर पर ही करके बच्चों को ग्रेड देंगे।
यह भी पढ़ें
